जीरकपुर। बरसात सीजन में गलियों में पानी भर जाने की वजह से लंबे समय से परेशानियों का सामना करने वाली कालोनी पॉल्म एनक्लेव का कायाकल्प होगा। इसके लिए नगर परिषद द्वारा करीब 24 लाख रुपये का फंड मंजूर किया है। यह जानकारी नगर परिषद प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने पॉल्म एनक्लेव में निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए पत्रकारों को दी।
यहां कॉलोनी में आलम यह है कि सड़कों की हालत खस्ता होकर पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिस पर कॉलोनी वासियों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही बरसाती सीजन के चलते पानी गड्ढों में ऊपर तक भर जाता है। इस कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर गड्ढों में पानी भरा होने की वजह से आए दिन हादसों का शिकार होकर जख्मी हो रहे हैं।
मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान कॉलोनी वासी शिकायत लेकर क्षेत्रीय पार्षद नवतेज नवीं से मिले। उन्होंने मामले को हाउस की बैठक के दौरान उठाया और पार्षद नवतेज नवीं द्वारा उठाए मामले को लेकर प्रधान उदयवीर ढिल्लों ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रधान ढिल्लों के निर्देशानुसार अधिकारियों की टीम ने पॉल्म एनक्लेव कॉलोनी का निरीक्षण किया।
कोट्स :::
पॉल्म एनक्लेव कॉलोनी के कायाकल्प के लिए नगर परिषद ने करीब 24 लाख रुपये मंजूर किए हैं। जिसकी मदद से कॉलोनी के अंदर बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी और इसका काम पूरा होने के बाद यहां सड़क का नवीनीकरण किया जाएगा। ये काम पूरा होने के बाद हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
- उदयवीर ढिल्लों, प्रधान, नगर परिषद जीरकपुर।