पीएसईबी ने शुरू किया कैनवा एजुकेशन का ऑनलाइन प्रशिक्षण, 9 दिसंबर को जिले के शिक्षकों की लगेगी क्लास
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने के लिए कंप्यूटर शिक्षकों को अब डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से कैनवा एजुकेशन का ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू किया गया है। इसके तहत शिक्षक चार्ट, तस्वीरें, प्रेजेंटेशन और पढ़ाई से जुड़ी दूसरी सामग्री तैयार करना सीखेंगे।
मोहाली जिले के 220 कंप्यूटर फैकल्टी इस प्रशिक्षण में हिस्सा लेंगे। जिले में 9 दिसंबर को ऑनलाइन ट्रेनिंग होगी। प्रदेशभर में यह कार्यक्रम 18 नवंबर से 14 दिसंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण के लिए सुबह 9:30 से 10:30, 11 से 12 और दोपहर 1 से 2 बजे तक तीन स्लॉट रखे गए हैं।
स्कूल ऑफ एमिनेंस फेज-3बी1 के प्रिंसिपल संजीव कंबोज ने कहा कि डिजिटल सामग्री से कठिन विषयों को भी बच्चों के लिए समझना आसान होगा। इससे कक्षा में उनकी रुचि बढ़ेगी। बोर्ड ने स्कूल प्रमुखों को सभी कंप्यूटर शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।