मोहाली। आई जे डोडा फाउंडेशन की ओर से स्कूल ऑफ एमिनेंस, फेज-11, मोहाली में कैरी ग्रीन अभियान के तहत पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं पर्यावरणविद् जॉनिता डोडा ने किया। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और कपड़े के थैलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जॉनिता डोडा ने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता के साथ-साथ दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में डॉ. रति अरोड़ा ने हस्तकला कार्यशाला आयोजित की, जिसमें पुराने कपड़ों और कपड़े के टुकड़ों से दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले थैले बनाना सिखाया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह से हिस्सा लिया। बेहतर थैले बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम कुमार मित्तल, स्कूल की प्रिंसिपल नीतू कंबोज, जसविंदर डोडा और हरशदीप डोडा सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। जॉनिता डोडा ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।