पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सुपरिंटेडेंट की नौकरी दिलाने के नाम पर बीस लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित को बाकायदा हाईकोर्ट का जाली नियुक्ति पत्र तक दिया था लेकिन नियुक्ति पत्र पर लगी मोहर व अन्य चीजों को देखकर परिवार को उस पर संदेह हुआ। परिवार ने इसके बारे में हाईकोर्ट में संपर्क किया तो सारी पोल खुल गई।
वहीं पीड़ित की शिकायत पर मटौर थाने की पुलिस ने सोहनप्रीत निवासी जिला बठिंडा के खिलाफ ठगी का केस दर्ज किया है। वहीं आरोपी महिला को काबू कर लिया है। महिला को शुक्रवार अदालत में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मटौर थाने के एसएचओ राजीव कुमार ने आरोपी महिला को काबू करने की पुष्टि की है।
मटौर निवासी लखविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपनी पत्नी को सरकारी नौकरी लगवाना चाहते थे। इसी बीच उनकी आरोपी महिला से उसके सेक्टर 70 स्थित दफ्तर में मुलाकात हुई। उसने उसे कहा कि वह उसकी पत्नी को आसानी से नौकरी लगवा देगी। इसके लिए उसने 20 लाख रुपये मांगे जो उसने दे दिए।
इसके बाद उसने उसकी पत्नी को एक नियुक्ति पत्र दिया। वह नियुक्ति पत्र देखने में जाली लग रहा था क्योंकि उस पर मोहरें उलटी लगी हुई थी और भाषा भी समझ नहीं आ रही थी। इसके बाद उन्होंने महिला से संपर्क किया, लेकिन महिला ने फोन उठाना बंद कर दिया तो उन्होंने इस संबंधी पुलिस को शिकायत दी।
पहले भी हो चुकी है इस तरह की ठगी
जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी इस तरह की ठगी हो चुकी है। कुछ समय पहले जीरकपुर में एक ऐसा व्यक्ति पकड़ा गया था। जो कि लोगों को कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी का करीबी बताता था। साथ ही लोगों से पंजाब व केंद्र के विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था।