- ई-ऑक्शन के तहत पंजाब में कुल 92 साइट्स बिकीं
- स्कूल साइट्स समेत कई साइटों पर लगेगी बोली
- हर महीने एक दस तारीख तक साइट्स की नीलामी होगी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पंजाब हाउसिंग अर्बन एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट द्वारा पंजाब के विभिन्न हिस्सों में की गई प्रॉपर्टी की ई-ऑक्शन को शानदार रिस्पांस मिला है। विभाग ने संपत्ति की ई-ऑक्शन से कुल 81.28 करोड़ रुपये कमाए हैं। वहीं, विभाग ने साफ किया है कि अब हर महीने एक से दस तारीख तक संपत्ति की नीलामी की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक इस दौरान कुल 92 साइटों की नीलामी की गई। इनमें लुधियाना स्थित एक स्कूल के अलावा मोहाली, लुधियाना, पटियाला, जालंधर, बठिंडा, अमृतसर, खन्ना, नाभा, संगरूर, मानसा, मलोट व अमरगढ़ स्थित सेमीबिल्ट अप रिहायशी फ्लैट, बूथ साइट, एससीओ, एससीएस, दुकान व रिहायशी प्लॉट नीलाम किए गए। इस दौरान गमाडा की तरफ से 38.00 करोड़, बीडीए 15.35 करोड़, पीडीए 10.91 करोड़, जेडीए 10.34 करोड़, गमाडा 4.78 करोड़ व एडीए 1.90 करोड़ रुपये कमाए। इस दौरान सेक्टर-39, समराला रोड, लुधियाना स्थित 1672.86 वर्ग मीटर स्कूल की साइट 4.16 करोड़ रुपये नीलाम किए गए।
गमाडा एरिया की प्रॉपर्टी को भी मिला शानदार रिस्पांस
गमाडा के एरिया में प्रॉपर्टी की नीलामी को बढ़िया रिस्पांस मिला है। गमाडा के अधिकार क्षेत्र के सेक्टर-48 सी स्थित 134.85 वर्ग मीटर का सेमीबिल्ट अप रिहायशी फ्लैट 1,32,95,536/ रुपये में नीलाम हुआ। सेक्टर-54 में 18.96 वर्ग मीटर बूथ के लिए 49,82,556/ रुपये की सफल बोली लगी। सेक्टर-55 स्थित 26.49 वर्ग मीटर के बूथ के लिए 69,50,791/ रुपये की कीमत लगी। सेक्टर-59 में 18.96 वर्ग मीटर के दो बूथ नीलाम किए गए। इनमें एक बूथ में 1,30,82,400/ रुपये व दूसरा बूथ 95,36,880 रुपये में नीलाम किया गया।