रेलवे फाटक से 40 सोसाइटी के लोग परेशान, अंडरपास बनाने की मांग
उर्वा के पदाधिकारियों ने बैठक में की ढकोली रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम पर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। ढकोली के विलेटन कांप्लेक्स में यूनिफाइड रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी (उर्वा) की बैठक प्रधान केआर शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें ढकोली एरिया के आठ ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों के प्रधान और सचिवों ने हिस्सा लिया। ढकोली रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम को लेकर चर्चा की गई। केआर शर्मा ने कहा कि जब भी रेलवे फाटक बंद होता है तो लोगों का आधा घंटा जाम में फंसना तय है। उन्होंने कहा कि जब से डबल लेन हुआ, उसके बाद समस्या और ज्यादा बढ़ गई है। दोनों साइड मिलाकर चालिस सोसाइटियां, डिस्पेंसरी और पुलिस थना है। शर्मा ने कहा कि अगर कोई इमरजेंसी पड़ जाए तो रेलवे फाटक की वजह समय पर मौके पर न तो मरीज पहुंच सकता और न ही पुलिस। इसके लिए उन्होंने विचार किया है कि अंबाला डिवीजन रेलवे, रेल मंत्री, पंजाब सरकार को पत्र लिखकर यहां जल्द अंडरपास बनाने की मांग करेंगे।
ढकोली मंडी के पास सड़कें टूटीं
बैठक में ढकोली मंडी के पास टूटी सड़कों पर भी चर्चा किया गया। बैठक में मौजूद उर्वा के पदाधिकारी राजेश पठानियां ने कहा कि मंडी की सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं। सड़क निर्माण के लिए टेंडर तक बात पहुंचने के बाद भी सड़क रिकारपेंटिंग का काम शुरू नहीं किया। वहीं गुरुनानक नगर के साथ महज पचास मीटर की दूरी पर बने श्मशान घाट को दूसरी जगह शिफ्ट करने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों की मानें तो लोकल स्तर पर विधायक, नगर काउंसिल से लेकर सबके पास गुहार लगा चुके हैं, विभागीय पदाधिकारियों और नेताओं ने आश्वासन तो दिया है, लेकिन अब तक इसे शिफ्ट नहीं किया गया जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दशमेश एनक्लेव के पास रखे डस्टबिन, कम्युनिटी सेंटर के धीमी गति से होने वाले निर्माण कार्य पर सुचारु रूप से शुरू कराने की भी मांग की गई। इस मौके पर हिमांशु शर्मा, कौशल सभ्रवाल, सतीश शर्मा, केके सभ्रवाल, कमलेश कुमार जैन, कर्मजीत सिंह, राजेश पठानियां सहित अन्य लोग मौजूद रहे।