पोलिंग बूथों फार्मों की कमी, वोट बनवाने आए लोग परेशान
लोगों ने बूथों पर जरूरत अनुसार फार्म तथा अन्य सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली। लोकसभा चुनाव को लेकर वोटर लिस्टों को ठीक करने व नई वोट बनाने संबंधी शुरू हुई मुहिम के दौरान फार्मों व अन्य सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों ने इस संबंध में ठोस प्रबंध करने की मांग की है। मुहिम के तहत बीएलओज द्वारा अपने बूथों पर बैठकर वोटर सूचियों को अपडेट करने के अतिरिक्त नई वोट बनाने, गलतियों को ठीक करने, नाम काटने आदि की सुविधा दी जा रही है, लेकिन बीएलओज के पास उपलब्ध करवाए फार्मों तथा प्रबंधों की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस संबंध में सत्यम जोशी, परमिंद्र सिंह, कुलविंद्र सिंह, हरी सिंह, इंद्रजीत सिंह, शिवम जोशी और अन्य ने बताया कि वे वोटर सूचियों के कार्यों संबंधी बूथ पर गए थे लेकिन वहां पर फार्मों की कमी के कारण उनको वापस आना पड़ा।
बीएलओज को दिए गए केवल छह फार्म
जानकारी अनुसार प्रत्येक बूथ पर बीएलओज को केवल छह फार्म दिए गए हैं जबकि वोटे बनाने, वोट कटवाने और कमियों को दूर करवाने वालों की संख्या ज्यादा होने के कारण उन्हें कैफे में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फार्म भरने के लिए 50 से 100 रुपये तक वसूल किए जा रहे हैं। लोगों ने बूथों पर जरूरत अनुसार फार्म तथा अन्य सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग की। इस बारे में एसडीएम विनोद कुमार बंसल ने फार्मों की कमी संबंधी अज्ञानता प्रकट करते हुए बनती कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
फोटो कैपशन : कुराली के पोलिंग बूथ पर वोटर सूचियों में कमियां दूर करवाने के लिए पहुंचे लोग।