डेराबस्सी/ लालडू। यूक्रेन में फंसे डेराबस्सी के 25 में से 15 विद्यार्थी अब तक घर लौट आए हैं। डेराबस्सी की तहसीलदार रमनदीप कौर ने कुछ विद्यार्थियों के साथ मुलाकात कर उनके परिवारों को बधाई दी। वहीं, जो विद्यार्थी अभी तक वापस नहीं लौटे हैं उन्हें सकुशल वापस लाने का भरोसा दिया।
तहसीलदार रमनदीप कौर ने बताया कि हलका डेराबस्सी के कुल 25 विद्यार्थी यूक्रेन में पढ़ने के लिए गए थे। इनमें से 15 विद्यार्थी सही सलामत घर लौट आए हैं। इसके अलावा छह विद्यार्थी सही सलामत यूक्रेन का बार्डर पार कर अन्य देशों में सुरक्षित पहुंच गए हैं। रविवार को आशुतोष संजय लाल निवासी जयपुरिया सनराइज ग्रीनज सोसायटी वीआईपी रोड, गांव अड्डा झुग्गियां निवासी हरिंद्रपाल सिंह, विनय गौड़ निवासी लालड़ू, गांव जड़ौत निवासी अंकित सिंगला, लालड़ू मंडी निवासी गुरविन्दर कौर से तहसीलदार ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। वहीं, इस दौरान जीरकपुर न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी आकाशदीप सिंह से मुलाकात की उन्होंने बताया कि उनका लड़का पोलैंड का बॉर्डर पार कर गया है अब वह सुरक्षित है। रामपुर सैनियां की एक लड़की की मां ने बताया कि उनकी बेटी ने रोमानिया के लिए बस पकड़ ली है जो जल्द ही यूक्रेन का बार्डर पार कर लेगी।