वंदे भारत मिशन फेज-2 के अंतर्गत यूक्रेन से आई विशेष उड़ान के माध्यम से 144 यात्री मोहाली के चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। यूक्रेन से आई एयर इंडिया की यह विशेष उड़ान नई दिल्ली से होते हुए चंडीगढ़ पहुंची है। सुबह 3.12 बजे यह उड़ान मोहाली स्थित चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उनके राज्यों में रवाना किया गया। विमान में चंडीगढ़ के 2, हिमाचल प्रदेश के 54, हरियाणा के 53, पंजाब के 34 और राजस्थान के एक यात्री को यूक्रेन से लाया गया।
इसमें कई रिश्तेदारों से मिलने गए थे तो कुछ घूमने पहुंचे थे। विमान से उतरे ज्यादातर यात्रियों ने पीपीई किट पहनी थी। कस्टम क्लीयरेंस के बाद इन यात्रियों को संबंधित राज्यों को सौंप दिया गया। एयरपोर्ट से विदेश से आए भारतीयों को उनके शहरों में भेजा गया। यात्री को यह विकल्प दिया गया था कि वह होटल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रुकना चाहता है या सरकारी क्वारंटीन सेंटर में। कई यात्रियों ने सरकारी क्वारंटीन सेंटर को चुना तो कुछ होटल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में चले गए।
किसी को भी बुखार, खांसी और जुकाम नहीं
यूक्रेन से आए इन मुसाफिरों में बुखार, खांसी या जुकाम के लक्षण नहीं मिले। सिविल सर्जन मोहाली डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर सभी 144 लोगों की दो टीमों ने जांच की। पंजाब के 34 यात्रियों में से पांच मोहाली के हैं।
मोहाली आए यात्रियों को घर नहीं भेजा जाएगा
अधिकारियों ने बताया कि मोहाली से संबंधित यात्रियों को एहतियात के तौर पर 7 दिन क्वारंटीन में रखा जाएगा।