मोहाली में 0.8 एमएम बारिश
आज दोपहर तक हो सकती है बारिश, शाम होगी खुशनुमा
सोमवार को भी हल्की बारिश होने के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। मौसम ने फिर करवट ली है। शनिवार सुबह से जारी रिमझिम ने शाम होते-होते तेज बारिश का रूप ले लिया। रविवार दोपहर बाद मौसम साफ होने के आसार हैं जबकि सोमवार को फिर से हल्की बारिश की संभावना है। शनिवार सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक करीब 0.8 एमएम बारिश हुई। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते सोमवार दोपहर तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मार्च के शुरुआती दो हफ्तों के दौरान लोगों को मौसम के बदलते मिजाज का सामना करना होगा।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम अगले कुछ दिन तक करवट बदलता रहेगा। साप्ताहिक अवकाश यानि रविवार का आधा दिन बारिश की भेंट चढ़ जाएगा। रविवार शाम को मौसम साफ रहने के आसार हैं। मंगलवार से वीरवार तक मौसम साफ रहेगा जबकि शुक्रवार को मौसम फिर करवट लेगा। अगले सप्ताह शुक्रवार और शनिवार को भी हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अब कमजोर पड़ रहा है।