सुखबीर बादल ने नेताओं और वर्करों में भरा जोश
लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर पहुंचे थे शहर
पुलवामा हमले से लेकर कांग्रेस नेताओं के कामों को भी जाना
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल शुक्रवार को शहर में पहुंचे। एक नामी रिजार्ट में उन्होंने पार्टी के नेताओं व वर्करों से मीटिंग की। उन्होंने जहां नेताओं व वर्करों का दिल जीतने की कोशिश की, वहीं पुलवामा आतंकी हमले के बाद से पैदा हुए हालात पर लोगों राय व कांग्रेसी नेताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में पार्टी नेताओं से जाना। इलाके के लगभग सभी अकाली और बीजेपी नेता प्रोग्राम में शामिल हुए। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ भी अपनी भड़ास निकाली। साथ ही उम्मीद जताई कि इस बार भी केंद्र में मोदी सरकार बनेगी। उन्होंने वर्करों को पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं व वर्करों के साथ सवा तीन बजे मीटिंग रखी थी। वर्कर व नेता तय समय से पहुंच गए लेकिन वह करीब सवा पांच बजे पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद जिस तरह से केंद्र सरकार ने काम किया है वह पूरी तरह प्रशंसनीय है। यह पहला मौका है कि जब किसी भारतीय सैनिक को पाकिस्तान से करीब साठ घंटों के अंदर छोड़ा है। इस दौरान सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा के द्वारा किए गए कामों की प्रशंसा की।