डीएन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को विद्यार्थी से मारपीट को लेकर स्थिति तनाव पूर्ण हो गई। पीड़ित बच्चे के अभिभावकों के हंगामे के बाद एडिशनल डिप्टी कमिश्नर एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में प्रबंधक समिति के चेयरमैन युगेश गोयल ने प्रिंसिपल को निलंबित करने और मामले की जांच का भरोसा दिया।
तब जाकर मामला शांत हुआ। डीएसपी सिटी जसपाल सिंह ढिल्लों ने बताया कि पीड़ित विद्यार्थी के परिजनों ने पुलिस की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जगदीश चंद्र सिंगला निवासी राजिंदरा इस्टेट ने बताया कि उनका पोता माधव सिंगला इस स्कूल में तीसरी कक्षा के ए सेक्शन में पढ़ता है। दो दिन पहले इसी स्कूल के बारहवीं के छह छात्रों ने माधव को बुरी तरह पीटा।
इससे वह बेहोश हो गया और उसे उल्टी भी हुई। स्कूल से उनके पास फोन आया कि बच्चे की तबीयत खराब है उसे घर ले जाएं। घर पर माधव ने बताया कि उसे पीटा गया है। इस पर परिजन प्रिंसिपल सुरजीत कौर मान और प्रबंधक समिति के पास गए लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी।
इसपर उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। बुधवार को बच्चे के परिजन और शहर के लोग स्कूल पहुंचे और प्रबंधक समिति समेत प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी की।
विधिक डिप्टी कमिश्नर महिंदर पाल की मौजूदगी में बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया कि इस स्कूल के बच्चे खुलेआम नशे का इस्तेमाल करते हैं। यह हमला भी नशे में किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्कूल के आसपास रहने वाले लोग गवाह हैं कि ड्रग का इस्तेमाल करने के बाद शीशियां उनके घरों में फेंक द जाती हैं। डिप्टी कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच पड़ताल करके रिपोर्ट सीबीएसई को भेजी जायेगी।
पीड़ित के परिजनों ने चेतावनी दी कि दो दिन में इंसाफ न मिला तो संघर्ष तेज किया जाएगा। इस दौरान पूर्व विधायक विजय साथी, पंजाब महिला कांग्रेस प्रधान डॉ. मालती थापर और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।