एक शख्स अपने साले की रिंग सेरेमनी में ससुराल गया था लेकिन जब ससुराल वालों ने उससे उधार के दिए पैसे वापस मांगे तो वह तैस में आ गया। वहां से लौटते वक्त उसने पत्नी को नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वह पत्नी के शव को नहर से निकालकर उसे सिविल अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। सोमवार को शव की शिनाख्त हो जाने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। मामला पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले का है।
एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार को गांव अंबे माजरा निवासी सुखविंदर सिंह अपनी पत्नी परमजीत कौर के साथ अपने साले कुलविंदर सिंह की रिंग सेरेमनी के लिए सरहिंद के एक रेस्टोरेंट में आया था।
सुखविंदर ने ससुराल वालों से 35 लाख रुपये उधार लिए थे। जिसमें से 17 हजार रुपये उसने वापस कर दिए लेकिन बाकी पैसे वह नहीं दे रहा था।
समारोह के खत्म होने पर जब उसके ससुर दलीप सिंह और साले कुलविंदर सिंह ने उसे पैसे वापस देने को कहा तो वह तैश में आ गया। इसके बाद वह पत्नी को गालियां बकता हुआ बाइक पर अपने साथ लेकर चला गया।
परमजीत को लेकर वह भाखड़ा मेन लाइन पर बने सौंढा हैड पर पहुंचा और उसे नहर में फेंक दिया।
उसके बाद उसने खुद तैरकर पत्नी परमजीत की लाश नहर से निकाली और उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा। परमजीत की लाश को सिविल अस्पताल में छोड़ने के बाद वह वहां से फरार हो गया।
एसएसपी ने बताया कि सुखविंदर पर नशा तस्करी, मारपीट और कत्ल आदि के कई मामले पहले से दर्ज हैं।