संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। धांधरा रोड स्थित बाबा अंगद देव नगर इलाके में रहने वाले पिता-पुत्र ने शुक्रवार की रात युवक का सिर सड़क पर पटक-पटक कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान पशुपति कुमार झा (39) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी मोहन साहनी और उसके बेटे अभिषेक साहनी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि पशुपति और मोहन साहनी का कुछ समय पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इलाके के लोगों ने बीच बचाव करा मामला शांत करा दिया था। शुक्रवार की रात को दोनों पक्ष घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान दोनों की आपस में फिर से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर मोहन और उसके बेटे अभिषेक ने पशुपति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
खुद को बचाने के चक्कर में पशुपति सड़क पर जा पहुंचा। आरोपी भी पीछा करते करते उसके पास पहुंच गए। दोनों ने पशुपति को मारपीट कर घायल कर दिया और उसके बाद उसका सिर सड़क पर पटक-पटक कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। इलाके के लोग उसे अस्पताल ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इंस्पेक्टर जगदेव ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। दोनों की तलाश में छापे मारे जा रहे है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।