फिरोजपुर रोड पर मंगलवार देर रात घने कोहरे के बीच एक एएसआई की कार एक्टिवा स्कूटर सवार व्यक्ति को घसीटते ले गई। इससे स्कूटर सवार की मौत हो गई।
मृतक की पहचान बाड़ेवाल रोड निवासी ललित गर्ग (35) के रूप में हुई है। लोगों ने एएसआई को रोक तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन पांच की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली में तैनात एएसआई अश्वनी कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम करा ललित का शव वारिसों के हवाले कर दिया है।
थाना डिवीजन पांच के एसएचओ धर्मपाल ने कहा कि ललित गर्ग मशीन टूल्स का काम करता है। देर रात को घने कोहरे में वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर घर जा रहा था। जब ललित गर्ग अंसल प्लाजा के पास पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार कार उसे घसीटते हुए ही ले गई।
ललित की चीखे सुन लोगों ने शोर मचाया और अश्वनी की कार को किसी तरह से रोका। जब तक अश्वनी कुछ समझ पाता गंभीर रूप से घायल ललित ने दम तोड़ दिया।
इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। धर्मपाल ने बताया कि धुंध के चलते एएसआई अश्वनी कुमार को ललित के साथ हुई टक्कर का कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने आरोपी एएसआई के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।