मुक्तसर के गांव दोदा के खेल स्टेडियम में वीरवार को विश्व कबड्डी कप के चार मैच हुए। भारत की पुरुष टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। पहला मैच स्पेन और अर्जेंटीना के बीच हुआ।
यह मैच दौरान स्पेन ने 47-24 से जीत लिया। दूसरे मैच में इंग्लैंड ने डेनमार्क के खिलाड़ियों को 28 के मुकाबले 50 अंक से मात दी।
तीसरा मैच न्यूजीलैंड तथा केन्या की महिला टीमों में हुआ। इस मैच में केन्या ने 21 तो न्यूजीलैंड की टीम ने 51 अंक हासिल किए। इस तरह जीत न्यूजीलैंड की झोली में गई।
चौथा और आखिरी मैच भारत और केन्या के पुरुष खिलाड़ियों के बीच हुआ। ज्यों ही भारतीय टीम मैदान में उतरी तो पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस मैच में केन्या की टीम के 32 अंकों के मुकाबले भारतीय खिलाड़ियों ने 69 अंक हासिल कर शानदार जीत हासिल की। प्रथम हाफ तक भारत के 34 और केन्या के 18 अंक थे। भारत की यह लगातार तीसरी जीत है।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने भी मैचों का आनंद उठाया। मुख्यमंत्री मैचों के शुभारंभ से देर शाम तक जमे रहे। उप मुख्यमंत्री भारत और केन्या का मैच देखने के लिए पहुंचे।