पंजाब में क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली और मुंबई के मुकाबले प्रयास काफी कम हो रहे हैं। यहां पर क्रिकेट के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी है। बच्चों और युवा पीढ़ी को खेलने के लिए उपयुक्त ग्राउंड की कमी है।
स्कूल, कालेज स्तर पर जरूरत के मुताबिक क्रिकेट नहीं हो रहा है। इसलिए दिल्ली और मुंबई के मुकाबले पंजाब से उम्दा खिलाड़ी कम पैदा हो रहे हैं। इस कमी को दूर करने के लिए सरकार और पुराने खिलाड़ियों को मिलकर आगे आना होगा। लुधियाना में क्रिकेट अकादमी खोलने की योजना है इसके लिए जमीन तलाश की जा रही है।
युवाओं को सही दिशा में सटीक ट्रेनिंग देकर तैयार करना होगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट में भी पंजाब का दबदबा और मजबूती कायम हो सके। इसके लिए क्रिकेट लीग और आपसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करना होगा। उक्त विचार टीम इंडिया के टर्बनेटर हरभजन सिंह भज्जी ने वीरवार को रेडिसन ब्लू में संवाददाताओं के साथ बातचीत में व्यक्त किए। भज्जी एडवांस हेयर स्टूडियो के शुभारंभ के अवसर पर लुधियाना पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि उनका पूरा फोकस इस वक्त क्रिकेट पर है। टीम इंडिया में वापसी के बारे में पूछने पर भज्जी ने कहा कि रणजी ट्राफी में भी उनका प्रदर्शन बेहतर रहा था, इस प्रतियोगिता में 18 विकेट लिए। इसके अलावा आईपीएल और अन्य प्रतियोगिताओं में भी उम्दा प्रदर्शन रहा। भज्जी को उम्मीद है कि शीघ्र ही उनकी टीम इंडिया में वापसी होगी। सचिन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी एक बार ही पैदा होते हैं।
सचिन की गैर मौजूदगी में टीम इंडिया के दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर भज्जी ने कहा कि सचिन के बिना ड्रेसिंग रूम का क्या माहौल होगा, खिलाड़ी कैसा महसूस कर रहे होंगे। फिल्मी जगत में कदम रखने के बारे में भज्जी ने कहा कि कभी उन्होंने इस बारे में सोचा था, लेकिन अब न फिल्मों में काम करना है और न ही फिल्म बनाना है, अब केवल क्रिकेट पर ही फोकस करना है। अपनी शादी के सवाल को भज्जी ने हंसकर टाल दिया।