संवाद न्यूज एजेंसी
रोपड़। चमकाैर साहिब क्षेत्र के गांव मनसूहा के पास एक महिला की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। जंगल क्षेत्र में उसका अर्धनग्न शव मिला है। पुलिस ने दुष्कर्म व हत्या के धाराओं में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, उक्त महिला एक शेलर में काम करती थी। वह शनिवार को रोजाना की तरह काम निपटाने के बाद शेलर से घर के लिए निकली थी। जब महिला देर रात तक घर नहीं पहुंची, तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दाैरान उसका शव जंगल क्षेत्र में बरामद हुआ। डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के जिला सुपौल के गांव थारबीटा निवासी अखिलेश कुमार यादव (33) के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।