संवाद न्यूज एजेंसी
मोरिंडा (रोपड़)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं का भविष्य सुनहरा बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है ताकि हमारे युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने में सक्षम बन सकें। वे वीरवार को शहीद सूबेदार मेवा सिंह स्कूल ऑफ एमिनेंस के विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे।
विद्यार्थियों से बातचीत में मान ने कहा कि राज्य सरकार ने पंजाब में शिक्षा क्रांति के एक नए युग की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि यह क्रांति विद्यार्थियों को भविष्य के प्रतिस्पर्धी माहौल के लिए तैयार कर रही है और उन्हें जीवन में नई ऊंचाइयां छूने योग्य बना रही है। मान ने कहा कि जिस तरह हवाई अड्डों पर रनवे विमान को उड़ान भरने में मदद करते हैं, उसी तरह राज्य सरकार युवाओं को उनके सपने साकार करने में सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के बच्चों को उनके सपनों को हकीकत में बदलने और जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राज्य ने वर्ष 2022 में शिक्षा क्रांति की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम अतीत की ओर देखते हैं तो दुख होता है कि किस तरह गलत नीतियों ने गरीब बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित कर दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे क्रांतिकारी कदम उठाए हैं जिनकी पूरे देश में सराहना की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए जा रहे हैं जिन पर अब तक 231.74 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी और निजी स्कूलों के बीच की खाई को पूर्ण करने के लिए दृढ़ प्रयास कर रही है।