संवाद न्यूज एजेंसी
रोपड़। पंजाब की राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले नवनीत चतुर्वेदी को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद वीरवार को फिर रोपड़ की सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने नवनीत को 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रोपड़ जेल भेज दिया। पुलिस ने आगे नवनीत चतुर्वेदी का रिमांड नहीं मांगा।
कोर्ट की कार्यवाही के दौरान नवनीत चतुर्वेदी के हस्ताक्षरों के नमूने लिए गए हैं। इन हस्ताक्षरों को जांच के लिए भेजा जाएगा। इस दौरान पुलिस ने नवनीत चतुर्वेदी के डुप्लीकेट मोबाइल सिम कार्ड को निकलवाने की भी अपील की, जिसे मंजूर कर लिया गया। नवनीत के वकील हेमंत चौधरी ने धमकी व खतरे के चलते नवनीत चतुर्वेदी को जेल में सुरक्षित रखने की अर्जी दाखिल की है। अदालत ने चंडीगढ़ पुलिस के थाना सेक्टर-3 के एसएचओ पेश होने के लिए नोटिस जारी किया था लेकिन एसएचओ अदालत में हाजिर नहीं हुए। सब-इंस्पेक्टर हाजिर हुए थे लेकिन अदालत ने कल एसएचओ को पेश होने के निर्देश दिए हैं।