हास्य कलाकार व समाजसेवी टीटू बनिया बुधवार को पंजाब सरकार को जगाने के लिए दाखा सिटी से लुधियाना शहर पहुंचे। हाथ में तिरंगा लेकर कार में ये अंधा कानून है का गाना बजाकर टीटू बनिया ने संदेश दिया कि पंजाब सरकार सो रही है। जब कोई बड़ी घटना होती है उसके बाद प्रशासन जागता है और धड़ाधड़ एफआईआर दर्ज करते हैं। जहरीली शराब के कारण एक सौ से ज्यादा लोगों की मौत की इसका प्रमाण है। उन्होंने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की है।
टीटू बनिया ने बताया कि लोग नेताओं को अपने विकास कार्य करवाने के लिए चुनते हैं। हैरानी है सभी राजनेता हमेशा थानों में घुसे रहते हैं। समझ नहीं आता कि आखिरकार पुलिस थानों में कौन की गलियां या नालियां टूटी हैं। जिनको ठीक करवाने के लिए नेता थानों में डेरा जमाकर बैठते हैं। इस समय प्रशासनिक अधिकारी चाहे डीसी हो या फिर एसएसपी सभी रिमोट कंट्रोल से चलते है। यह रिमोट कंट्रोल किसी ना किसी नेता के हाथ में है। जैसे वह इशारा करता है उसी तर्ज पर अधिकारी काम करते हैं। जहरीली शराब के तांडव के बाद अब पुलिस प्रशासन दिन में पांच-पांच सौ एफआईआर दर्ज कर रहा है। सवाल यही है कि आखिरकार पहले यही अधिकारी क्यों सो रहे थे। इसी सिस्टम को जगाने के लिए वह आज मार्च पर निकले हैं।