कुल्लू से लौटते वक्त खाई में गिरी गाड़ी, साउंड सिस्टम के चार लोगों की मौत
जनरेटर और संगीत उपकरणों से लदी थी गाड़ी, शवों को बाहर निकालने में लगे कई घंटे
संवाद न्यूज एजेंसी
कीरतपुर साहिब। कुल्लू में दशहरा मनाकर लौट रहे साउंड सिस्टम से जुड़े चार लोगों की बुधवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर देहणी गांव के पास उनकी जनरेटर और संगीत उपकरणों से लदी गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे मोड़ा टोल प्लाजा पार करने के बाद हुआ। सूचना मिलने पर एनएचएआई की राहत गाड़ियां मौके पर पहुंचीं लेकिन शवों को खाई से बाहर निकालने में पांच-छह घंटे लग गए।
रोपड़ की पंजाब साउंड पार्टी की गाड़ी में चालक समेत चार लोग सवार थे। मृतकों में बिक्रम सिंह (36) निवासी बड़ी हवेली, जिला रूपनगर, आशु कुमार (33) निवासी छपार, जिला लुधियाना, कृष्ण कुमार (20) मूल निवासी समस्तीपुर, बिहार, हाल निवासी अहमदगढ़ मंडी, जिला मालेरकोटला और सुखदेव राम (27) निवासी गढ़ा, फिल्लौर, जिला जालंधर के रूप में हुई है। बिक्रम सिंह शादीशुदा था। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों और परिचितों में शोक छा गया। एएसआई सुखविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी। चारों शवों को श्री आनंदपुर साहिब के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।