लुधियाना नगर निगम शहर की हर संपत्ति (मकान, प्लाट और दुकान) पर 16 डिजिट का यूआईडी नंबर लगाने की तरफ कदम बढ़ा रहा है। इसके लिए अनिवार्य जियोग्राफिकल इंफार्मेशन सिस्टम (जीआईएस) सर्वे का पहला चरण मई के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
निगम की टीमें हर घर में पहुंच कर संपत्ति का विवरण हासिल कर रही हैं। अब निगम इस मुहिम के तहत यूआईडी नंबर लगाने लगाने का काम शुरू करेगा।
अधिकारियों के अनुसार लुधियाना में 3.84 लाख संपत्तियां हैं। इनमें से 3.25 लाख का डोर टू डोर सर्वे पूरा कर लिया गया है। बाकी संपत्तियों का डाटा अगले कुछ दिनों में इकट्ठा कर लिया जाएगा। निगम कमिश्नर घनश्याम थोरी का कहना है कि जीआईएस सर्वे पूरा होते ही यूआईडी नंबर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यूआईडी नंबर में संपत्ति के बारे में हर तरह का विवरण निगम के रिकार्ड में एक क्लिक पर उपलब्ध होगा। एडिशनल कमिश्नर सुरभि मलिक का कहना है कि तकनीक के उपयोग से सिस्टम में पारदर्शिता आएगी। इससे लोगों को भी राहत होगी।