फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद-चंडीगढ़ रोड पर गांव चुन्नी के नजदीक एसवाईएल नहर के पास तीन कारों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान गांव चड़दी निवासी लखविंदर सिंह और गांव बस्सियां बैदवान निवासी भूपिंदर सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायलों में लखविंदर सिंह की पत्नी गुरप्रीत कौर और उनके दो बेटे हर्षप्रीत व सुखविंदर सिंह निवासी गांव चड़ी और चंडीगढ़ निवासी अभिषेक राय शामिल हैं।
पुलिस चौकी चुन्नी प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि लखविंदर सिंह अपने परिवार के साथ गांव चड़ी से चंडीगढ़ जा रहे थे। इस दौरान गांव बस्सियां बैदवान निवासी भूपिंदर सिंह की कार उनसे टकरा गई। जिसमें दोनों कारों के चालकों की मौत हो गई। इस दौरान चंडीगढ़ से लुधियाना जा रहे अभिषेक राय की कार भूपिंदर की कार से टकरा गई, जिससे वह भी घायल हो गया। अगली कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।