लुधियाना। चोर गिरोह के शातिरों ने सेखेवाल इलाके में चल रहे डायग्नोस्टिक सेंटर का ताला तोड़कर दो लाख 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना का पता उस समय चला जब सेंटर के मालिक वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी थाना दरेसी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में टिब्बा रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह नगर निवासी दमनप्रीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
दमनप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका सेखेवाल रोड पर लाइफ लाइन डायग्नोस्टिक सेंटर के नाम से हेल्थ केयर सेंटर है। एक फरवरी को वह सेंटर बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान चोर गिरोह के शातिरों ने ताला तोड़कर दो लाख 15 हजार की नकदी के साथ-साथ अन्य सामान चोरी कर लिया। अगले दिन जब वह सुबह सेंटर खोलने आए तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना दरेसी की पुलिस ने जांच के दौरान वहां लगे सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में ले ली है। जांच अधिकारी एएसआई अमरीक सिंह ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की है। इसमें दो लोग दिखाई दे रहे हैं।