मानसा में सिरसा रोड डेरा सच्चा सौदा के पास रविवार दोपहर दो कारों की टक्कर में जीजा-साला की मौत हो गई। दूसरी कार में सवार पांच लोग जख्मी हो गए। उनको मानसा से लुधियाना व मोगा के लिए रेफर कर दिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मानसा में रखवाया गया है। घटना में दोनों कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना होते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने जख्मी लोगों को अस्पताल पहुंचाया।
मोगा के गांव चड़िक व मेरों से एक परिवार इंडिका कार में फतेहाबाद से अपने गांव की ओर जा रहा था। वहीं सिरसा रोड पर एक गाड़ी में दो लोग गांव लालियांवाली जा रहे थे। दोनों की एक ट्रक बीच में आ जाने से टक्कर हो गई। हादसे में जीजा-साला सुखविंदर सिंह (40) पुत्र अजैब सिंह वासी गांव बलरां (जिला संगरूर) व कुलदीप सिंह (28) पुत्र बलदेव सिंह गांव लालियांवाली (जिला मानसा) की मौके पर ही मौत हो गई। जसवंत सिंह पुत्र मलकीत सिंह गांव चड़िक (जिला मोगा), सर्वजीत कौर पत्नी जगजीत सिंह गांव मेरो, जगजीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह गांव मेरो, हरप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह गांव मेरो व कमलजीत कौर पत्नी जसवंत सिंह गांव चड़िक जख्मी हो गए।
थाना सदर मानसा के मुखी अंग्रेज सिंह ने बताया कि घटना में जीजा-साला की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।