संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। सिधवां बेट पुलिस ने दो बदमाशों को अवैध पिस्तौल, एक बंदूक व तीन कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह उर्फ सिप्पी निवासी तलवंडी नौ आबाद और अमनदीप सिंह उर्फ अमन निवासी मधेपुर के तौर पर हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिधवां बेट और सदर रायकोट में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और मारपीट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों की प्लेटिना बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी संदीप और अमनदीप के खिलाफ थाना सिधवां बेट में आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। केस के जांच अधिकारी सुखमंदर सिंह ने बताया कि संदीप और अमनदीप आदतन अपराधी हैं। सुखमंदर सिंह ने बताया कि वे पुलिस पार्टी के साथ अब्बूपुरा गांव की हद में संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रहे थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि संदीप और अमनदीप अवैध हथियार लेकर प्लेटिना बाइक पर गांव खुर्शीदपुरा से सफीपुरा की तरफ किसी अपराध को अंजाम देने जा रहे हैं। उन्होंने सफीपुरा स्थित गुरदासपुरिया डेरे के समीप नाकाबंदी कर आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों से .315 बोर का देसी पिस्तौल, 12 बोर की एक देसी बंदूक और तीन कारतूस बरामद कर लिए।