बाहरी इलाकों से अफीम लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले दो तस्करों को थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से आधा किलो अफीम बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान छावनी मोहल्ला निवासी मोहम्मद आलम और इमाम के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी नशा तस्करी का धंधा करते हैं और अफीम की खेप देने के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी बाहरी इलाकों से अफीम की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करते हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके पिछले रिकार्ड का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि उनके खिलाफ पहले मामला दर्ज है या नहीं।