संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। राजपुरा में सराय बंजारा स्टेशन के पास बुधवार सुबह करीब आठ बजे ओवरहेड इलेक्ट्रिसिटी (ओएचई) तार टूटने से ट्रेनों की रफ्तार थम गई। अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस लगभग दो घंटे तक सरहिंद स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे ट्रेन में बैठे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, अप व डाउन की कई प्रमुख ट्रेनें रास्ते में पड़ते छोटे-बड़े स्टेशनों पर रोक दी गईं। ओएचई तार की रिपेयर में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा, जिसके बाद रास्ते में रुकी ट्रेनें अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं।
इसके अलावा रिपेयर व नवीनीकरण कार्यों के कारण कई प्रमुख ट्रेनों को साहनेवाल-चंडीगढ़ के रास्ते डायवर्ट और कुछ ट्रेनों को अस्थाई तौर पर रद्द भी किया गया। बताया जा रहा है कि नॉर्दर्न रेलवे ने करनाल स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) पैनल के कमीशनिंग कार्य के लिए 20 और 21 मई को ट्रैफिक डायवर्ट किया था, जिससे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देर शाम तक ज्यादातर ट्रेनें अपने तय समय से पिछड़कर चल रही थीं।