लुधियाना। विदेश भेजने के नाम पर एक ठग ट्रेवल एजेंट दंपती ने अपने साथी के साथ मिल एक परिवार को कनाडा में सेटल कराने का झांसा दे 67.40 लाख रुपये की ठगी मार ली, इसके साथ साथ आरोपियों ने परिवार से 4935 कैनेडियन डॉलर भी ऐंठ लिए। उसके बाद न तो उन्हें विदेश भेजा और न ही उनके पैसे लौटाए। पीड़ित बरनाला के हंडिआया रोड स्थित गुरु तेग बहादुर नगर निवासी रंजीत सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस के आलाधिकारियों को दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। इसके बाद थाना डिवीजन छह की पुलिस ने रंजीत सिंह की शिकायत पर अमृतसर के बाबा बुड्ढा एवेन्यू निवासी पंकज खोखर और उसकी पत्नी सिमरन खोखर के साथ साथ अमृतसर के ही गुरमीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रंजीत सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक आरोपियों का गिल रोड पर मीत ओवरसीज के नाम से दफ्तर है। वह परिवार सहित कनाडा में शिफ्ट होना चाहता था। किसी के जरिये आरोपियों का हवाला मिला तो आरोपियों के साथ मुलाकात हुई। आरोपियों ने 67.40 लाख रुपये की मांग की। इसके अलावा आरोपियों ने उससे 4935 कैनेडियन डॉलर भी ले लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी टालमटोल करते रहे। काफी समय तक टालमटोल करने पर रंजीत ने आरोपियों से अपने पैसे मांग लिए। मगर आरोपियों ने कोई पैसा वापस नहीं दिया। इसके बाद रंजीत ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए और आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।