लुधियाना। नशा तस्करी के दो मामलों में पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान डॉ. आंबेडकर नगर निवासी शिव शरणजीत सिंह, गांव कोटली (तरनतारन) निवासी सुखविंदर सिंह और आजाद नगर निवासी कर्मवीर सिंह के रूप में हुई है।
डिवीजन नंबर दो में तैनात एएसआई मेजर सिंह ने बताया कि उन्होंने पुरानी जेल के पास नाकाबंदी की थी। उसी समय मोहल्ला अमरपुरा की तरफ से एक कार आती दिखी। शक के आधार पर उन्होंने कार को रुकवाया। कार सवार डॉ. आंबेडकर नगर निवासी शिव शरणजीत सिंह और गांव कोटली (तरनतारन) निवासी सुखविंदर सिंह की जब तलाशी ली गई तो उनके पास से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं, दूसरे मामले में थाना मॉडल टाउन में तैनात एएसआई सुखदीप सिंह ने बताया कि आत्मनगर सेवा केंद्र के पास से पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी आजाद नगर निवासी कर्मवीर सिंह से 25 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ।