लुधियाना। चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर राहगीरों से लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को थाना मोती नगर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार मोटरसाइकिल, नौ फोन और तेजधार हथियार समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने प्रीतम विहार कॉलोनी निवासी मंजीत सिंह, न्यू सतनाम नगर निवासी राकेश कुमार और बाबा जीवन सिंह नगर निवासी राजिंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरके रोड के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।