फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चोर ले गए 20 क्विंटल गेहूं: सुबह खुली 'वारदात' की पोल, हकीकत में 50 किलो देनी पड़ी दान; जानें अनोखा मामला

Wed, 26 Aug 2026 12:56 PM IST
Nivedita कंवरपाल, संवाद, हलवारा

सार

बुर्ज लिट्टा गांव में एक आदमी ने रात को सपने में अपने घर से 20 क्विंटल गेहूं की चोरी देखी। सपने से जागने के बाद उसने पंचायत में अपने पड़ोसियों पर चोरी का आरोप लगा दिया। जांच में सच सामने आ गया।
विज्ञापन
गेहूं चोरी का अजीब मामला - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हलवारा के पास बुर्ज लिट्टा गांव में बुधवार सुबह उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक व्यक्ति ने रात में देखे सपने को सुबह आंख खुलते ही हकीकत मान लिया। उसे सपना आया कि उसके घर में सेंधमारी हुई है और चोर 20 क्विंटल गेहूं लेकर फरार हो गए। 

विज्ञापन


नींद खुली तो सपने की चोरी इतनी पक्की लगी कि उसने घर की जांच-पड़ताल करने की जरूरत भी नहीं समझी और सीधे पंचायत के दरबार में पहुंचकर पड़ोसियों पर चोरी का आरोप लगा दिया।

मामला बढ़ा तो गांव में पंचायत बुलानी पड़ी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घर का निरीक्षण किया तो कहानी में ट्विस्ट आ गया। न दरवाजा टूटा था, न दीवार में सेंध थी और न ही 20 क्विंटल गेहूं गायब था। यानी चोर सपने में आए, गेहूं सपने में ले गए और सबूत भी सपने में ही छोड़ गए।
विज्ञापन

 

सुबह-सुबह पंचायत में पहुंची ‘सपने की एफआईआर’
सरपंच सुखविंदर कौर और नंबरदार बलवंत सिंह ने बताया कि संबंधित व्यक्ति रात में काफी शराब पीकर सोया था। सुबह उठने के बाद उसने बताया कि उसके घर में सेंधमारी हो गई और गेहूं चोरी हो गया। उसने अपने पड़ोसियों पर भी चोरी का शक जताते हुए शिकायत कर दी। शिकायत के बाद मामला गंभीर समझते हुए गांव में पंचायत की बैठक बुलाई गई।

नहीं मिला चोरी का निशान
पंचायत सदस्य निर्मल सिंह, पंचायत सदस्य हरजीत सिंह और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में जब मौके पर जाकर घर की जांच की गई तो वहां चोरी का कोई निशान नहीं मिला। न सेंधमारी का प्रमाण मिला और न ही गेहूं के गायब होने की कोई पुष्टि हुई।

पूछताछ आगे बढ़ी तो शिकायतकर्ता ने ही आखिरकार पूरी ‘वारदात’ का राज खोल दिया। उसने बताया कि उसने रात में सपना देखा था कि उसके घर में सेंधमारी हुई है और 20 क्विंटल गेहूं चोरी हो गया। नींद से उठने के बाद उसे सपना इतना वास्तविक लगा कि उसने उसे सच मान लिया और पड़ोसियों पर चोरी का आरोप लगा दिया।
विज्ञापन

पंचायत ने मुकदमे की जगह दिया ‘धार्मिक फैसला’
मामले को लेकर पड़ोसियों में नाराजगी थी और वे पुलिस में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करवाने पर अड़े हुए थे। हालांकि पंचायत और ग्रामीणों ने समझदारी से काम लेते हुए इसे आपसी सहमति से खत्म करने का फैसला किया। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायतकर्ता हैंगओवर में था और उसने जानबूझकर किसी को फंसाने के बजाय सपने को ही वास्तविक घटना समझ लिया था।

पंचायत ने उसे चेतावनी देने के साथ धार्मिक सजा के तौर पर गांव के गुरुद्वारा साहिब में 50 किलो गेहूं दान करने को कहा। साथ ही हिदायत दी गई कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाने या शिकायत करने से पहले मामले की सच्चाई और तथ्यों की जांच जरूर की जाए।

20 क्विंटल गेहूं सपने में गया, 50 किलो हकीकत में देना पड़ा
जिस चोरी की शुरुआत सपने में 20 क्विंटल गेहूं से हुई थी, वह पंचायत के फैसले में 50 किलो गेहूं दान करने तक पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि असली गेहूं अपनी जगह सुरक्षित मिला और पड़ोसियों पर लगा चोरी का आरोप भी हकीकत सामने आने के बाद खत्म हो गया।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें