मुक्तसर। दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चालीस सिंहों की शहादत को समर्पित मेला माघी पर लगने वाले मनोरंजन मेले की बोली मंगलवार को मुक्तसर प्रशासन द्वारा डीसी दफ्तर के मीटिंग हॉल में लगाई गई। मेले की आरक्षित बोली 1.10 करोड़ रुपये थी, जबकि लुधियाना की कपूर भोला शंकर फर्म ने 1.31 करोड़ रुपये की बोली लगाकर ठेका प्राप्त किया। यह पिछले साल के मुकाबले 27 लाख रुपये अधिक है, हालांकि, पिछले साल भी यह ठेका इसी फर्म को 1.4 करोड़ रुपये में मिला था।
मनोरंजन मेला 1 जनवरी से 28 फरवरी तक मलोट रोड स्थित पुराने मेला ग्राउंड पर आयोजित होगा। इस बार मेले में नई-नई सुविधाओं का समावेश किया जाएगा। ठेकेदार वरिंदर कपूर ने बताया कि इस बार विभिन्न प्रकार के झूलों का आयोजन किया जाएगा, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे। साथ ही, मेला ग्राउंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, जिसमें सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे ताकि शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके।
वहीं, मनोरंजन मेले की एंट्री और अन्य साधनों की फीस बढ़ाने को लेकर शहरवासियों ने विरोध जताया है। एसडीएम बलजीत कौर ने बताया कि बोली प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई और कोई शोर-शराबा नहीं हुआ। संवाद