लुधियाना में जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी कालेज ऑफ प्रोफैशनल स्टडीज का नींव पत्थर रखते उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल।
- फोटो : अमर उजाला
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल का कहना है कि राजनीति में खून के रिश्ते कमजोर हो सकते हैं लेकिन पार्टियों में जो विभिन्न परिवार हैं वह हमेशा एकजुटता का अहसास कराते हुए शिअद को बुलंदियों पर ले गए हैं।
शिअद में लौह पुरुष के नाम से जाने जाते जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी के बरसी समागम पर बुधवार को रायकोट के गुरुद्वारा टाहलीआणा साहिब में सुखबीर जनता को संबोधित कर रहे थे। उनका कहना है कि जत्थेदार तलवंडी, गुरचरण सिंह टोहरा और बादल परिवार का शिअद को ऊंचाइयों पर ले जाने में अहम योगदान रहा है।
इन परिवारों ने पार्टी के लिए हमेशा खून के रिश्तों को पीछे रखते हुए पंजाब एवं पार्टी को आगे रखा है। हालत यह है कि सीएम प्रकाश सिंह बादल को अपने पोते-पोतियों के बारे में यह तक पता नहीं होता कि वह किस कक्षा में पढ़ रहे हैं लेकिन पंजाब एवं अपने कार्यकर्ताओं की अधिक चिंता रहती है। सुखबीर ने समागम के दौरान जत्थेदार जगददेव सिंह तलवंडी के जीवन पर आधारित पुस्तक लौहपुरूष का भी विमोचन किया। इस समागम में सीएम बादल आना चाहते थे लेकिन पीजीआई के डाक्टरों ने उनको आराम की सलाह दी है।
समागम के बाद सुखबीर बादल ने बस्सियां कोठी स्थित बनने वाले जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी कालेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज का नींव पत्थर भी रखा। कॉलेज के लिए सरकार 40 करोड़ रुपये खर्च करेगी। साढ़े सात एकड़ जमीन में बनने वाले इस कॉलेज को अगले शिक्षण सत्र से शुरू करने की योजना है। सुखबीर बोले कि इसका निर्माण युद्धस्तर पर कराया जाएगा।
सुखबीर ने कहा कि आगामी धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। किसानों को तय वक्त में भुगतान किया जाएगा। राइस शैलर मालिकों एवं अन्य व्यापारियों से बातचीत चल रही है। उनकी समस्याओं का भी जल्द ही निदान कर लिया जाएगा। बादल ने कहा कि शिअद पूरी तरह से एकजुट है और आने वाले विस चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ उतरेगी। इस अवसर पर जत्थेदार रंजीत सिंह तलवंडी, जगजीत सिंह तलवंडी, कृषि मंत्री जत्थेदार तोता सिंह, विस स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल, मनप्रीत सिंह अयाली मौजूद रहे।