अकाउंट्स का पेपर खराब होने से परेशान प्लस टु की छात्रा ने सोमवार दोपहर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। मृतका के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। मृतका की पहचान 17 वर्षीय सिमरनजीत कौर के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार सिमरनजीत कौर के पिता गुरचरण सिंह सेना में हवलदार हैं और जम्मू कश्मीर के कूपवाड़ा में तैनात हैं। उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा एयरफोर्स स्टेशन हलवारा के पास किराए का मकान लेकर रह रहे हैं। सिमरन हलवारा के सेंट्रल स्कूल में प्लस टु कामर्स की छात्रा थी। सोमवार को उसका अकाउंट्स का पेपर था, जो खराब हुआ। इससे वह परेशान थी और घर आते ही अपने कमरे में चली गई। वह दो घंटे तक बाहर नहीं आई।
इस पर उसकी बहन ने खिड़की से देखा तो वह पंखे से लटक रही थी। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सिमरनजीत को नीचे उतार कर 9 विंग एयरफोर्स अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतका ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसका पेपर अच्छा नहीं हुआ। इसलिए वह यह कदम उठा रही है। उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। थाना सुधार के प्रभारी सतनाम सिंह ने कहा कि इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।