जगरांव के गांव सवद्दी कलां में वीरवार को कर्ज से परेशान बुजुर्ग किसान ने अपने खेत में ही जहर निगल लिया। इससे उसकी मौत हो गई। गेहूं के खेत में किसान के शव के पास कीटनाशक दवा की शीशी और शराब की छोटी बोतल पड़ी मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव सवद्दी कलां निवासी 73 वर्षीय किसान गुरदीप सिंह देर शाम अपने खेत में चला गया था। वीरवार सुबह तक वह वापस न आया तो परिजन उसे खेत में देखने के लिए गए। गेहूं की फसल के बीचोंबीच गुरदीप सिंह का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही थाना सिंधवा बेट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से कीटनाशक दवा की शीशी और शराब को कब्जे में ले लिया।
किसान के बेटे परविंदर सिंह का कहना है कि उनके पास करीब डेढ़ एकड़ जमीन थी, इस पर वह खेती करके अपना परिवार पाल रहे थे। गुरदीप ने अपने खेत पर लिमिट बनवा कर बैंक से तीन लाख रुपये का कर्ज लिया था। लिमिट का वक्त पूरा होने पर जब वह कर्ज वापस न कर सके तो परेशान रहने लगे। इसी परेशानी में उन्होंने जीवन लीला समाप्त कर ली। जांच अधिकारी जतिंदर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।