थाना सदर पुलिस ने ट्रक मालिक की ओर से 5 लाख 35 हजार की ठगी से आहत होकर की गई आत्महत्या के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
गांव इलवाल की रहने वाली महिला सर्बजीत कौर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसके पति 45 वर्षीय बघेल सिंह ने दो साल पहले एक पुराना ट्रक खरीदा था, जिसकी कीमत 5 लाख 35 हजार रुपए थी, जिस पर 3 लाख का कर्ज था। उसके पति ने 2 लाख 35 हजार रुपये दिए थे, जबकि बाकी पैसे किस्तों में अदा कर दिए थे। एक दिन दाना मंडी में खड़े ट्रक को दलाल प्रेम कुमार का भाई सुरजीत कुमार लॉक तोड़कर चोरी करके ले गया था। गाड़ी के असली मालिक हरदेव सिंह ने उसके पति को धोखे में रखकर गाड़ी के कागजात नहीं दिए थे। हरदेव सिंह ने कहा था कि गाड़ी की किस्तें पूरी होने पर ट्रक उसके नाम कर दिया जाएगा। किस्तें पूरी होने के बावजूद ट्रक उसके पति के नाम नहीं किया गया।
इससे उसका पति काफी परेशान रहता था। इस संबंधी उसने एसएसपी के पास शिकायत भी की थी। शिकायत के बाद पुलिस जांच में हरदेव सिंह आदि ने कहा था कि एक- दो दिनों में पैसे वापस कर दिए जाएंगे, परंतु पैसे वापस नहीं किए गए। ट्रक भी सुरजीत कुमार ने अपने पास ही रख लिया था। ट्रक अपने नाम नहीं होने के कारण उसके पति ने एक अगस्त को जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उसे पटियाला रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई थी। इस संबंधी एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी हरदेव सिंह निवासी कम्मोमाजरा, सुरजीत कुमार निवासी संगरूर, प्रेम सिंह निवासी संगरूर के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी प्रेम कुमार और सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।