कीरतपुर साहिब। नगर पंचायत कीरतपुर साहिब के सफाई कर्मचारी लगभग 2 सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं, जिस कारण शहर में गंदगी केे ढेर लगने शुरू हो गए हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बरकरार है। आम लोगों के मन में महामारी के इस दौर में गंदगी से भयानक बीमारियां पैदा होने का भय है।
इस दौरान सफाई कर्मचारी जसवीर सिंह, कुलविंद्र सिंह, अमनप्रीत और संगीता देवी ने कहा कि उनकी मांगें जायज हैं, बहुत कम वेतन से उनके घरों का गुजारा नहीं हो रहा है, ऐसे में लगातार वह इस महामारी के दौरान भी काम कर रहे थे, लेकिन मौजूदा सरकार द्वारा उनकी अभी तक कोई खबर नहीं ली गई है। लगभग 14 दिन हो गए हैं लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने उनसे बात नहीं की है। पंजाब सरकार उन को दरकिनार कर रही है। उनका भविष्य खतरे में है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गई तो पंजाब सरकार के खिलाफ एक बड़ा संघर्ष किया जा सकता है। इस संबंध में एसडीएम श्री आनंदपुर साहिब कन्नू गर्ग ने कहा कि पंजाब भर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल होने से सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। इस बारे में उच्च अधिकारियों से बात की जा रही है और पंजाब सरकार तथा सफाई कर्मचारियों का आपसी तालमेल करवाया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर उन्होंने समाज सेवी संस्थाओं तथा आम लोगों से सफाई व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए अपना सहयोग देने की अपील की।