नंगल। बीबीएमबी के नंगल वर्कशाप में 11 साल से बंद पडे़ ऑक्सीजन प्लांट को बुधवार को चालू किया गया। इस कार्य के लिए बीबीएमबी अधिकारियों, कर्मचारियों व सेना के जवानों ने लगभग एक महीने की कड़ी मेहनत की है। प्लांट के चालू होने से प्रशासन व बीबीएमबी अधिकारियों ने राहत की सांस ली। बुधवार को ऑक्सीजन प्लांट से एक दर्जन से भी अधिक सिलेंडर भरे गए। पंजाब विधान सभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह ने प्लांट के शुरू होने पर कर्मचारियों व जवानों को बधाई दी।
गौरतलब है कि भाखड़ा के निर्माण काल में लगाए गए इस विदेश कंपनी के ऑक्सीजन प्लांट को बीते लगभग 11 वर्षों पहले जरूरत नहीं होने की वजह से बंद कर दिया था। जानकारी देते हुए विभाग के मुख्य अभियंता कमलजीत सिंह ने बताया कि प्लांट की जांच करवाई जाएगी। वहीं, प्लांट का जायजा लेने पहुंचे डीसी रूपनगर सोनाली गिरी ने भी ऑक्सीजन प्लांट के फिर से शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।