पंजाब के लुधियाना में कमिश्नरेट पुलिस के थाना डिवीजन नंबर पांच के एडिशनल एसएचओ सब इंस्पेक्टर हरजिंदर कुमार (50) को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वर्दी में हेरोइन तस्करी करने जाते जालंधर बाईपास के नजदीक से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एडिशनल एसएचओ की निशानदेही पर उसकी महिला साथी हरजिंदर कौर (35) व रोहित कुमार (20) को फिल्लौर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने हरजिंदर कुमार से 16 ग्राम हेरोइन बरामद की, जबकि हरजिंदर कौर और रोहित कुमार से 830 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया है।
एसटीएफ के एआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर जालंधर बाईपास पर नाका लगाया गया था। इसी बीच पुलिस ने वर्दी में जा रहे सब इंस्पेक्टर हरजिंदर कुमार को रोककर तलाशी ली तो उनकी जैकेट से 16 ग्राम हेरोइन मिली। पूछताछ में पता चला कि वह हरजिंदर कौर और रोहित कुमार से हेरोइन लेकर आगे सप्लाई करता था।
फिल्लौर में चौकी इंचार्ज रहते हुई थी जान-पहचान
हरजिंदर कौर और रोहित कुमार फिल्लौर के गांव सोलकीआणा के रहने वाले हैं। हरजिंदर कौर पिछले 10 साल से नशा तस्करी में संलिप्त है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज है। हरजिंदर कुमार ने चौकी इंचार्ज रहते हुए महिला को पकड़ा था। उसके बाद हरजिंदर कुमार ने उसके साथ मिलकर हेरोइन तस्करी शुरू कर दी। हरजिंदर कौर और रोहित कुमार रिश्तेदार हैं। दोनों लंबे समय से हेरोइन तस्करी कर रहे हैं।