बरूवाल के पास हुआ हादसा, चालक गाड़ी समेत फरार गिरफ्तारी तक शव न उठाने पर अड़े परिजन
हिमाचल से कीरतपुर साहिब आ रही थार की टक्कर से 60 वर्षीय बलबीर सिंह और 32 वर्षीय विश्वनाथ की जान गई।
संवाद न्यूज एजेंसी
कीरतपुर साहिब। कुल्लू-मनाली-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर गांव बरूवाल के पास बुधवार सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार थार ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक गाड़ी समेत फरार हो गया।
मृतकों की पहचान गांव बरूवाल निवासी बलबीर सिंह (60) और हिमाचल प्रदेश के गांव पल्ली निवासी विश्वनाथ (32) के रूप में हुई है। थार (एचपी 07 एच 7865) हिमाचल प्रदेश की ओर से कीरतपुर साहिब आ रही थी।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गुस्साए परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने एक-दो घंटे में गाड़ी और चालक को पकड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव उठवाने के लिए राजी हुए। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।