आरोपी का पता लगाने में जुटी थाना साहनेवाल पुलिस, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पुलिस ने कूरियर पार्सल के जरिये अफीम की बड़ी खेप भेजने की साजिश को नाकाम किया है। जीटी रोड ढंडारी खुर्द स्थित एक कूरियर कार्यालय से 1 किलो 138 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर करमजीत सिंह ने बताया कि मोहाली स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के इंस्पेक्टर अजय कुमार से गोपनीय सूचना मिली थी।
इस सूचना के आधार पर पुलिस दल जीटी रोड ढंडारी खुर्द स्थित डीएचएल दफ्तर पहुंचा। वहां एक संदिग्ध पार्सल को रोका गया। पुलिस ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाते हुए पार्सल खुलवाया। ऊपरी तौर पर पार्सल में सामान्य कपड़े रखे थे लेकिन इलेक्ट्रिक रोटी मेकर के उपकरण में छिपाकर दो काले मोमी लिफाफे मिले। इन्हें खोलने पर 1 किलो 138 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसे तुरंत सील कर दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नशे की यह खेप कहां से मंगवाई गई थी। इसे आगे किस ठिकाने पर पहुंचाया जाना था। कूरियर कंपनी के दीपक भाटिया की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। पुलिस अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचने के लिए छानबीन कर रही है।