सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। पंजाब गो सेवा आयोग के चेयरमैन सचिन शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में स्मार्ट गोशालाएं बनेंगी। साथी ही लंबे समय समय से गोशालाओें के बिजली बिल माफ करने के बारे में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह जल्द फैसला लेंगे। चेयरमैन शर्मा इंडस्ट्री चैंबर के जिलाध्यक्ष घनश्याम कांस के निवास स्थान पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
चेयरमैन शर्मा ने बताया कि कैप्टन सरकार हरेक जिले में स्मार्ट गोशाला बनाने जा रही है। राज्य के कुल 22 जिलों में से 20 जिलों में गोशाला परिसर हैं। इनको अपग्रेड करके आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा दो करोड़ 85 लाख रूपये खर्च करके 40 गोशालाओं में शेड बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया आयोग की ओर से करीब दो सौ कैंप लगाकर गोधन का इलाज किया गया है।
चेयरमैन शर्मा ने कहा कि कैप्टन सरकार गायों के रखरखाव पर करीब 26 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। गोबर से गमले, मूर्तियां आदि बनाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। विसर्जित की जाने वाली मूर्तियां गोबर से बनाने के लिए लोग आगे आ रहे हैं। पटियाला में इसके लिए प्रोजेक्ट लगाया गया है। इसके अलावा गोबर से बिजली पैदावार के प्राजेक्ट लगाने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। इस मौके पर प्रमोद अवस्थी, पवन गुजरां, हैप्पी वशिष्ठ, एडवोकेट शर्मा मौजूद थे।