लुधियाना में एक मकान की खुदाई के दौरान जमीन से निकले सोने के सिक्के बताकर नकली सिक्के बेचते एक गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस को इनके कब्जे से सोने की कोटिंग के पांच किलो 550 ग्राम नकली सिक्के और एक किलो 900 ग्राम का एक हार बरामद हुए हैं।
आरोपियों की पहचान ईश्वर, ललित कुमार, सुरेश कुमार, सुरेश कुमार, देवी, रमेश सोलंकी और एक महिला बबली के रूप में हुई है।
डीसीपी हर्ष बंसल ने बताया कि यह गिरोह पंजाब के विभिन्न शहरों में अब तक करीब 25 वारदात लोगों से 25-30 लाख रुपये ठग चुका है। इनसे पूछताछ में कई और खुलासे होने की संभावना है।
बाजार में शापिंग करते लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने जालंधर बाईपास पर नाकाबंदी कर रखी थी। तभी मुखबिर ने इस गिरोह के बारे में सूचना दी।
पुलिस ने सलेम टाबरी मंडी में दबिश देकर सभी आरोपियों को काबू कर लिया। यह गिरोह बाजार में शॉपिंग कर रहे लोगों को सोने के नकली सिक्के बेचकर ठगी करता था। डीसीपी ने बताया कि दो माह पहले फिरोजपुर रोड पर एक दुकान पर आंखों की डाक्टर को नकली सोने के सिक्के बेचकर पांच लाख रुपये ठग लिए थे।
इसी तरह तीन साल पहले भी अमृतसर के जंडियाला रोड पर भी एक व्यक्ति को पांच लाख की चपत लगाई थी। पुलिस सभी मामले की गहन छानबीन कर रही है।