संवाद न्यूज एजेंसी
संगरूर। गांव घराचों में कुछ विपक्षी पार्टियों के नेताओं द्वारा सीएम के ओएसडी के घर कार्रवाई करने पहुंचे सीबीआई अधिकारियों की गाड़ी पर फूलों की वर्षा करने की घटना के बाद पुलिस विभाग ने थाना भवानीगढ़ के एसएचओ यशपाल शर्मा को निलंबित कर दिया।
हालांकि, पुलिस ने सीबीआई टीम की गाड़ी पर फूलों बरसाने वाले नेताओं को बाद में हिरासत में लिया था। पूरा दिन इस घटनाक्रम को लेकर इलाके में चर्चा रही और इस घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। इस मामले को लेकर कोई पुलिस अधिकारी जानकारी देने से कतरा रहा था लेकिन बाद में भवानीगढ़ के डीएसपी सतनाम सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि थाना भवानीगढ़ के एसएचओ यशपाल शर्मा को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में उच्च पुलिस अधिकारियों के आदेश पर निलंबित किया गया है।
डीएसपी ने स्पष्ट किया कि एसएचओ के खिलाफ की गई यह कार्रवाई किसी पुराने मामले से संबंधित है और इसका गांव घराचों में सीबीआई टीम के पहुंचने के दौरान हुई फूलों की वर्षा वाली घटना से कोई संबंध नहीं है।