संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। वार्ड 90 में रविवार को दो प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण का काम शुरू हुआ। शाहपुर रोड और गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब रोड के कायाकल्प पर करीब 75 लाख रुपये खर्च होंगे। लुधियाना उत्तर से विधायक मदन लाल बग्गा, सेंट्रल से विधायक अशोक पराशर और सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
अधिकारियों को निर्माण कार्य में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर शाही इमाम पंजाब मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी भी मौजूद रहे। विधायकों और सीनियर डिप्टी मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पंजाब के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लुधियाना में करोड़ों रुपये की कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं। आने वाले दिनों में कई नई परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी। सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने बताया कि वार्ड 90 में हाल ही में साबुन बाजार की गलियों के कायाकल्प का काम भी शुरू हुआ है। इसके अलावा, लक्कड़ बाजार में युवाओं के लिए एक वॉलीबॉल मैदान तैयार किया जा रहा है।