लुधियाना में कनाडा भेजने का झांसा देकर ठग ट्रेवल एजेंट ने एक व्यक्ति से चार लाख रुपये ऐंठ लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और फिर पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। जांच के बाद थाना पीएयू की पुलिस ने गांव रुड़का निवासी अमृतपाल सिंह की शिकायत पर ट्रेवल एजेंट प्रदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अमृतपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। किसी के जरिए उसका संपर्क आरोपी प्रदीप के साथ हुआ। प्रदीप ने उसे कनाडा भेजने का झांसा दिया और उससे चार लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के कुछ समय बाद तक काम नहीं हुआ तो उसने आरोपी से पूछा तो आरोपी ने टाल मटोल शुरू कर दी। जब पीड़ित ने पैसे मांगे तो आरोपी ने साफ तौर पर मना कर दिया। इसके बाद अमृतपाल ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।