प्राइवेट स्कूलों की ओर से की जा रही मनमर्जी को बंद करने के लिए पेरेंट्स एसोसिएशन लुधियाना की ओर से जगरांव पुल पर धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। प्राइवेट स्कूल की ओर से सरेआम की जा रही लूटपाट से परेशान पेरेंट्स एसोसिएशन भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर हो गए है।
एक फरवरी से लगातार पेरेंट्स अपनी मांगों को लेकर जगरांव पुल के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। पेरेंट्स ने प्रशासन और संबंधित विभाग को पांच दिन का समय दिया था ताकि उनकी मांगों को हल किया जा सके। कोई सुनवाई न होने पर पेरेंट्स ने एक्सटेंशन लेकर हड़ताल को और पांच दिनों के लिए बढ़ा दिया। इस दौरान उनसे मिलने के लिए विभिन्न संस्थाओं के सदस्य आए और आश्वासन दिया कि वह उनके साथ हैं।
सोमवार को आठवां दिन पूरा होने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इस कारण परेशान पेरेंट्स भूख हड़ताल पर बैठने के लिए विवश हो गए हैं। भूख हड़ताल के पहले दिन सुदेश गुप्ता भूख हड़ताल पर बैठी हैं। एसोसिएशन के प्रधान रजिंदर घई ने बताया कि पांच दिन और रात लगातार भूख हड़ताल पर बैठे। कोई सुनवाई न होने पर वह यह कदम उठाने को मजबूर हो गए हैं। रोजाना एक अभिभावक भूख हड़ताल पर बैठेगा।
घई ने बताया कि सोमवार को अकाली दल के जिला प्रधान हरभजन सिंह ढंग, सीनियर वाइस प्रेसीडेंट जसपाल सिंह बंटी, महासचिव संजीव चौधरी पेरेंट्स से मिलने पहुंचे। उन्होंने पेरेंट्स से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा और आने वाले दो दिनों में शिक्षामंत्री से उनकी मीटिंग करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि सीबीएसई स्कूल दिन प्रतिदिन अपनी महीने की फीस, री-एडमिशन, बिल्डिंग फंड, डेवलपमेंट चार्ज मनमाने ढंग से बढ़ा रहे हैं। इस मौके पर अश्वनी लाली, कुमलदीप कपूर, राजेश खन्ना, नरिंदर कुमार, किरण शर्मा, आशीष कश्यप, दीपक राजपूत, अंकुर मल्होत्रा, नरिंदर दत्ता, अमनदीप सिंह, अरुण कुमार और राजेश कुमार मौजूद रहे।