लुधियाना। कोरोना संक्रमण के बढ़ते कहर को देखते ग्रामीण एरिया में सेहत सुविधाओं को दुरुस्त करने में प्रशासन जुट गया है। इसके तहत 13 मई को 50 बेड कोविड केयर सेंटर की शुरुआत संत ईशर सिंह मेमोरियल अस्पताल राड़ा साहिब से होगी। इस सेंटर में कोरोना के एल वन और एल टू मरीजों का इलाज होगा।
संत बाबा बलजिंदर सिंह मुखी संप्रदाय राड़ा साहिब ने प्रशासन को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। मंगलवार को सेंटर का मुआयना करने के बाद डीसी वरिंदर शर्मा ने बताया कि सेंटर को आक्सीजन मुहैया करवाई जाएगी। 12 मई से यहां पर कोरोना टेस्ट शुरू होंगे। मरीजों को पहले दो लेवल पर उपचार दिया जाएगा। यहां कोरोना से बचाने के लिए वैक्सीनेशन की शुरूआत भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे कोरोना संक्रमण मामले अभी आ रहे है, लेकिन जिला प्रशासन इस महामारी का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इसलिए ग्रामीण एरिया में कोविड केयर सेंटर बना रहे है, ताकि लोगों को पहली स्टेज पर ही उपचार मिल सके। कोविड सेंटर पर प्रशासन की तरफ से हर सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।